बनीखेत में ज्वाला माता मंदिर में भव्य जगराता व लंगर का आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

बनीखेत में ज्वाला माता मंदिर में भव्य जगराता व लंगर का आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

डलहौजी/ चम्बा 30 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

नगर पंचायत बनीखेत स्थित ज्वाला माता मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति के साथ जगराता एवं भव्य लंगर का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल की रात भव्य जगराता आयोजित किया गया, जिसमें भजन-कीर्तन के माध्यम से माता रानी का गुणगान किया गया। पूरी रात श्रद्धालु भक्ति रस में लीन रहे और वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इसके उपरांत 29 अप्रैल को विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया, जिसकी पूर्णाहुति के बाद माता रानी को भोग अर्पित किया गया।भोग के पश्चात मंदिर परिसर में विशाल लंगर का शुभारंभ किया गया। खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। सैकड़ों की संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे, माता के दरबार में शीश नवाया और प्रसाद रूप में भोजन ग्रहण किया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में अनुशासन और व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से संचालित की गईं।मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष श्रद्धा के साथ किया जाता है और माता रानी की कृपा से भविष्य में भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।स्थानीय लोगों का मानना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन न केवल आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और एकता का संदेश भी देते हैं। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल और सेवा भावना देखने को मिली, जिसने सभी को भाव-विभोर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!