डलहौजी में नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, पहले दिन नहीं भरा गया कोई नामांकन

डलहौजी/ चम्बा 30 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे गर्माता नजर आ रहा है। हालांकि नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद बीते दिन किसी भी प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपमंडल निर्वाचन अधिकारी अनिल भारद्वाज ने पुष्टि की कि पहले दिन कोई भी उम्मीदवार नामांकन के लिए आगे नहीं आया।नामांकन के पहले दिन की इस स्थिति ने स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है। डलहौजी में इस समय अंदरखाने विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों के बीच रणनीतिक बैठकों का दौर जारी है। माना जा रहा है कि कई दावेदार अभी अपने समीकरण मजबूत करने और टिकट की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं, जिसके चलते नामांकन में देरी हो रही है।वहीं, नगर निकाय चुनाव को लेकर आम जनता के बीच भी उत्सुकता बनी हुई है। क्षेत्र में विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चाएं हो रही हैं और संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि इन अटकलों में कितनी सच्चाई है, यह नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब सभी की नजरें आगामी दिनों पर टिकी हैं, जब प्रत्याशी अपने नामांकन दाखिल करेंगे और चुनावी तस्वीर साफ होने लगेगी।