चंबा में योजनाओं की समीक्षा बैठक, दिव्यांग व एससी-एसटी कल्याण पर जोर

चंबा 05 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला मुख्यालय चंबा में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन उपायुक्त कार्यालय के बैठक कक्ष में किया गया। बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम, नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम 1955, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 तथा प्रधानमंत्री के नए 15 सूत्रीय कार्यक्रम के कार्यान्वयन, अनुश्रवण और रिपोर्टिंग पर विस्तृत चर्चा की गई।उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु चलाई जा रही सरकारी योजनाओं को व्यापक जागरूकता अभियानों के माध्यम से पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक चिकित्सा खंड स्तर पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि लाभार्थियों को समय पर सुविधा मिल सके।जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान जिले के 94 विद्यार्थियों को कुल 9,99,875 रुपये की दिव्यांग छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग छात्रवृत्ति दरें निर्धारित हैं, जिनका उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है।

बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के अंतर्गत लंबित मामलों, राहत राशि के भुगतान तथा संबंधित प्रकरणों पर भी चर्चा की गई। जिला कल्याण अधिकारी ने अवगत कराया कि इस अधिनियम के तहत पीड़ितों अथवा मृतकों के आश्रितों को अब तक 8,25,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।