विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर गुवाड़ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर गुवाड़ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चम्बा, 30 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)


हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा के तत्वावधान में आज राजकीय पंचायत घर, गुवाड़ में “विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस” के उपलक्ष्य में एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्या के प्रति जागरूक करना तथा उनके विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा के सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता नवीन सिंह ठाकुर ने संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

उन्होंने मानव तस्करी के विभिन्न रूपों, इसके दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और इससे बचाव के उपायों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर अपराध है, जिससे समाज की जड़ें कमजोर होती हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह सतर्क रहे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन एवं पुलिस को दे।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जैसे नालसा जागृति योजना, DAWN योजना, संवाद (SAMVAD) योजना, नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025 तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष पीड़ित सहायता योजना 2025 के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें न्याय तक आसान पहुंच मिल सके।


कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया तथा समाज से मानव तस्करी जैसी कुप्रथा के उन्मूलन हेतु सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से न्याय तक सभी की पहुंच सुनिश्चित करने के अपने संकल्प को दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!