बट्ट आईटीआई में कल 5 अगस्त को मारुति सुजुकी के लिए कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव

डलहौजी/चम्बा 04 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले के तीसा क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार का एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स द्वारा संचालित बट्ट आईटीआई खुशनगरी (तीसा) और बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में 5 अगस्त को कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। यह प्लेसमेंट ड्राइव देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के लिए एचआरवीएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से आयोजित होगी।बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनी में रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस ड्राइव में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के लिए दसवीं कक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत और आईटीआई में कम से कम 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। अभ्यर्थियों का शारीरिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ होना भी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, टर्नर, वेल्डर, पेंटर, वायरमैन, शीट मेटल, सीओई (ऑटोमोबाइल), इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, टूल एंड डाई तथा पीपीओ सहित विभिन्न ट्रेडों के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।चयनित अभ्यर्थियों को गुजरात स्थित मारुति सुजुकी के प्लांट में नियुक्ति दी जाएगी। फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट के तहत चयनित उम्मीदवारों को 28,300 रुपये प्रतिमाह सीटीसी के साथ वार्षिक वैधानिक बोनस मिलेगा, जबकि अप्रेंटिसशिप के तहत 21,200 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा सब्सिडी युक्त भोजन, छात्रावास सुविधा, वर्दी, पीपीई किट, सुरक्षा जूते और नियमानुसार अवकाश जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।इच्छुक अभ्यर्थियों को कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में भाग लेने के लिए अपने साथ दसवीं और आईटीआई की स्वयं सत्यापित अंकतालिकाओं की फोटोप्रतियां, आधार कार्ड की प्रति तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से लाना होगा।