पति की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या,आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज,पुलिस जांच में जुटी

पति की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या,आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज,पुलिस जांच में जुटी

भटियात/चम्बा 18 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपमण्डल भटियात क्षेत्र की काथला पंचायत में घरेलू प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पति की कथित मारपीट और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर एक महिला ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका कमलेश निवासी काथला पंचायत ने रविवार को अपने घर के रसोईघर के समीप स्थित स्टोर में पंखे से प्लास्टिक की रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया। जब परिजनों ने उसे लटकता देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तुरंत सिहुंता पुलिस चौकी को सूचना दी, साथ ही मायका पक्ष को भी घटना की जानकारी दी गई।सूचना मिलते ही सिहुंता पुलिस चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कौंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान मायका पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी चुवाड़ी शेर सिंह भी काथला पहुंचे और दोनों पक्षों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों और मायका पक्ष की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारा गया।

मृतका के भाई प्रवीण कुमार निवासी गांव सलेहर, डाकघर बोह, तहसील द्रीणी, जिला कांगड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व काथला गांव निवासी राजिंद्र से हुई थी। आरोप है कि शादी के एक वर्ष बाद ही पति ने मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी थी। कई बार पारिवारिक स्तर पर समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी पति के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।इस सारे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!