चंबा में मामूली विवाद बना जानलेवा, युवक की पत्थर से हत्या; आरोपी गिरफ्तार

चम्बा 08 मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा की पलूहीं पंचायत में एक मामूली कहासुनी ने भयावह रूप ले लिया, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की पत्थर से वार कर हत्या कर दी। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बरौर पंचायत के झल्ल गांव निवासी अजय सिंह का शव सड़क के नीचे खून से लथपथ अवस्था में मिला। ग्रामीणों ने जब यह भयावह दृश्य देखा तो तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना चंबा के प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर सड़क पर भी खून के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई।पुलिस ने तुरंत फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि वीरवार रात तीन दोस्त साथ बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो उठा।

आरोप है कि इसी दौरान अरुण कुमार ने अजय सिंह के सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को सड़क के नीचे फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को पूछताछ के लिए बुलाया, जहां अरुण कुमार की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दूसरे युवक की भूमिका की भी जांच कर रही है।एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।