शिक्षा खंड कियाणी के स्कूल दरकोटी में हुआ निरीक्षण, SMC बैठक और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चंबा 07 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा 07 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
शिक्षा खंड कियाणी के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकोटी में विद्यालय विकास एवं स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (BEEO) श्रीमती हिमलता ने विद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की अधिगम उपलब्धियों, नामांकन, उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, मध्याह्न भोजन, विद्यालय अभिलेखों तथा आधारभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण और उचित मार्गदर्शन से विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

इसके उपरांत विद्यालय में स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें SMC अध्यक्ष श्रीमती आशा कुमारी, समिति के सदस्यों, अभिभावकों एवं विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया। बैठक में बच्चों की शिक्षा, विद्यालय विकास, स्वच्छता, सुरक्षा तथा सामुदायिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने विद्यालय के विकास में सक्रिय सहयोग देने का भरोसा जताया।कार्यक्रम के तीसरे चरण में स्वास्थ्य जागरूकता एवं तंबाकू मुक्त संस्थान अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) श्रीमती भारती कुमारी ने उपस्थित लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारियों का प्रमुख कारण है तथा सभी को इससे दूर रहने का संदेश दिया।अंत में विद्यालय परिवार ने तंबाकू मुक्त संस्थान और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया।
