परशुराम जयंती पर भटियात में भव्य आयोजन, कुलदीप सिंह पठानिया ने किया भूमि पूजन व मूर्ति अनावरण

भटीयात/ चम्बा 19 अप्रैल मुकेश कुमार( गोल्डी)
भटियात विधानसभा क्षेत्र में परशुराम जयंती के शुभ अवसर पर ब्राह्मण कल्याण परिषद द्वारा गरनोटा और हुनेरा में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की।गरनोटा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुलदीप सिंह पठानिया ने 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन ‘परशुराम भवन’ का भूमि पूजन किया। उन्होंने भगवान परशुराम का विधिवत पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जब-जब समाज में अन्याय और अधर्म बढ़ा है, तब-तब भगवान ने अवतार लेकर धर्म की स्थापना की है।

उन्होंने भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का अवतार बताते हुए उनके आदर्शों को आज भी प्रासंगिक बताया।दोपहर बाद उन्होंने ग्राम पंचायत अवांह के हुनेरा गांव में 12 फुट ऊंची भगवान परशुराम की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि इस स्थल को ‘परशुराम घाट’ और ‘परशुराम वाटिका’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए 5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। साथ ही मूर्ति के लिए शेड निर्माण का भी आश्वासन दिया।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपरा का उल्लेख करते हुए इसे देवभूमि बताया और कहा कि यहां की लोक संस्कृति व प्राकृतिक सौंदर्य देश-विदेश में पहचान रखते हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों में सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।इस अवसर पर उन्होंने ब्राह्मण कल्याण परिषद गरनोटा को 1 लाख, हुनेरा को 51 हजार और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भक्ति गायक पम्मी ठाकुर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
