तीसा में खतरनाक चढ़ाई पर फंसा ट्रक, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

तीसा में खतरनाक चढ़ाई पर फंसा ट्रक, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

तीसा 05 मई दिलीप सिंह ठाकुर

चंबा जिले के उपमंडल चुराह के बघेईगढ़-चांजू मार्ग पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। चीह गांव के समीप खड़ी चढ़ाई पर एक ट्रक अचानक फंस गया और पीछे की ओर लुढ़कने लगा। घटना शाम करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए ब्रेक लगा दी, जिससे ट्रक गहरी खाई में गिरने से बच गया और एक बड़ा हादसा टल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक तीसा से चांजू की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन चीह गांव के पास स्थित खतरनाक और खड़ी चढ़ाई पर पहुंचा, वह चढ़ाई पार नहीं कर पाया।

इस दौरान ट्रक अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगा और सड़क किनारे बने डंगे के पास जाकर रुक गया। यदि चालक ने समय रहते नियंत्रण नहीं किया होता, तो ट्रक सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर सकता था, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि चीह गांव के पास यह चढ़ाई लंबे समय से खतरनाक बनी हुई है। कई बार लोक निर्माण विभाग को इस संबंध में अवगत भी करवाया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग की जल्द मरम्मत कर खड़ी चढ़ाई को कम किया जाए या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!