होमगार्ड जवानों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा को लेकर वेलफेयर एसोसिएशन की चिंता

होमगार्ड जवानों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा को लेकर वेलफेयर एसोसिएशन की चिंता

शिमला 24 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने राज्य के हजारों होमगार्ड जवानों के भविष्य, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। एसोसिएशन का कहना है कि जहां अन्य विभागों के कर्मचारियों के लिए समय-समय पर सरकारों द्वारा ईपीएफ, बीमा, पेंशन और अन्य कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाती रही हैं, वहीं होमगार्ड जवान आज भी इन बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।एसोसिएशन ने सवाल उठाया है कि क्या होमगार्ड जवान इस देश के नागरिक नहीं हैं, क्या उनके परिवार और जिम्मेदारियां नहीं हैं, और क्या उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित होना जरूरी नहीं है? उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवान हर परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, चुनाव ड्यूटी, आपदा प्रबंधन, वीआईपी सुरक्षा और विभिन्न जनसेवा कार्यों में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद वे अस्थायी रोजगार, सीमित सुविधाओं और अनिश्चित भविष्य के साथ जीवन जीने को मजबूर हैं।एसोसिएशन के अनुसार, वर्षों तक सेवाएं देने के बाद भी होमगार्ड जवानों के लिए स्पष्ट और प्रभावी नीति का अभाव है। यह स्थिति तब और चिंताजनक हो जाती है जब देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, लेकिन होमगार्ड जवान अभी भी अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष कर रहे हैं।होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार और संबंधित विभागों से मांग की है कि होमगार्ड जवानों के लिए बेहतर सेवा-शर्तें, उचित मानदेय, ईपीएफ, बीमा, पेंशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी के विरोध में नहीं, बल्कि जवानों के सम्मानजनक जीवन और सुरक्षित भविष्य के अधिकार के लिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!