घुमारवीं सिविल अस्पताल में आधुनिक मशीनों का लोकार्पण, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती

घुमारवीं सिविल अस्पताल में आधुनिक मशीनों का लोकार्पण, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती

घुमारवीं /बिलासपुर 18 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज नागरिक चिकित्सालय घुमारवीं में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विभिन्न आधुनिक मशीनों और उपकरणों का लोकार्पण किया। इस दौरान एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन, अल्ट्रासाउंड (यूएसजी) मशीन, मल्टीपारा मॉनिटर तथा लेप्रोस्कोपिक उपकरण सहित कुल लगभग 2 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराए गए संसाधनों को अस्पताल को समर्पित किया गया।ये सभी उपकरण HDFC Bank के ‘सीएसआर फंड’ के माध्यम से Doctors For You संस्था द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, एक नई वातानुकूलित एंबुलेंस को भी हरी झंडी दिखाकर सेवा में शामिल किया गया, जिसे Kotak Mahindra Bank द्वारा प्रदान किया गया है।इस अवसर पर मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नए उपकरणों के स्थापित होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित जांच और बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।उन्होंने बताया कि पहले पुराने उपकरणों के कारण ऑपरेशन में जोखिम बना रहता था, लेकिन अब अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से पथरी, हर्निया, अल्सर और स्त्री रोग से संबंधित ऑपरेशन अधिक सुरक्षित और कम समय में किए जा सकेंगे।

इससे मरीजों को बड़े अस्पतालों में जाने की आवश्यकता भी कम होगी।कार्यक्रम के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपमा शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और आश्वासन दिया कि इन सुविधाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!