पूनम ठाकुर ने लाहौल-स्पीति में उपनिदेशक पशुपालन का संभाला कार्यभार

.
केलांग 10 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
डॉ. पूनम ठाकुर ने लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग में पशुपालन विभाग के उपनिदेशक पद का कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच जिले में पशुपालन विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।शिष्टाचार भेंट के दौरान डॉ. पूनम ठाकुर ने जिले में पशुपालन क्षेत्र की मौजूदा स्थिति, पशुपालकों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं तथा विभागीय गतिविधियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय एवं दुर्गम जिले में पशुपालकों तक सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।उपायुक्त किरण भड़ाना ने भी डॉ. पूनम ठाकुर को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और जिले में पशुपालन क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।डॉ. पूनम ठाकुर के कार्यभार संभालने से पशुपालन विभाग की जिला स्तरीय गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। लाहौल-स्पीति में बड़ी संख्या में लोग पशुपालन और इससे जुड़ी गतिविधियों पर निर्भर हैं। ऐसे में पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सेवाएं, जागरूकता, सरकारी योजनाओं का लाभ तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना विभाग की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।बता दें कि डॉ. पूनम ठाकुर चंबा के सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विपिन ठाकुर की धर्मपत्नी हैं। उनके लाहौल-स्पीति में उपनिदेशक पशुपालन के पद पर कार्यभार संभालने पर क्षेत्रवासियों और परिचितों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।