आईटीआई में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 7 सितंबर तक ले सकेंगे इच्छुक विद्यार्थी दाखिला

डलहौजी/ चम्बा 02 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। डायरेक्टर जनरल ऑफ ट्रेनिंग (डीजीटी) की ओर से आईटीआई में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 सितंबर 2026 कर दी गई है। तिथि बढ़ने से पात्र एवं इच्छुक युवाओं को विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में प्रवेश लेने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। अभ्यर्थी अब निर्धारित तिथि तक संबंधित आईटीआई में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आईटीआई में प्रवेश नहीं लिया है, वे 7 सितंबर तक दाखिला ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय रहते अपनी पसंद के ट्रेड में प्रवेश सुनिश्चित करना चाहिए।उन्होंने बताया कि बट्ट आईटीआई बोंखरीमोड़ (बाथरी) में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मैकेनिक मोटर व्हीकल, सर्वेयर और कंप्यूटर ट्रेड में कुछ सीटें अभी रिक्त हैं। इसी तरह बट्ट आईटीआई खुशनगरी में इलेक्ट्रीशियन और फिटर ट्रेड में भी सीटें उपलब्ध हैं। इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित संस्थान में संपर्क कर उपलब्ध सीटों और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।परवेज अली बट्ट ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आईटीआई के विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा निजी क्षेत्र में रोजगार हासिल करने के साथ अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं।उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की कि वे प्रवेश की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द संबंधित संस्थान में पहुंचकर दाखिला प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उपलब्ध सीटों का लाभ उठाया जा सके।