मणिमहेश यात्रा को लेकर चम्बा पुलिस अलर्ट, मैहला बैरियर पर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का लिया गया जायजा

चम्बा 02 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
मणिमहेश यात्रा के दौरान देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए चम्बा पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चम्बा दिनेश शर्मा तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) चम्बा बलदेव दत्त ने मैहला पुलिस बैरियर का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने मणिमहेश यात्रा के तहत श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर तैनात कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा यात्रा के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाई जाए। साथ ही भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करने, वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों से कहा कि श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध करवाई जाए। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए।
चम्बा पुलिस द्वारा मणिमहेश यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार फील्ड स्तर पर निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ यातायात को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखना है।