अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में सीएम सुक्खू ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में सीएम सुक्खू ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत

चंबा, 03 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या रविवार सायं भव्य और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार चंबा जिला के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विशेष रूप से सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंबा जिला में सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अब तक लगभग 591 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सरकार दूरदराज के क्षेत्रों तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना से अब जिला के लोगों को विशेषज्ञ उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

उन्होंने बताया कि यहां लगभग 158 करोड़ रुपये की लागत से 200 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक अस्पताल भवन तैयार किया गया है, जिसमें आधुनिक चिकित्सा उपकरण और नवीनतम तकनीक उपलब्ध करवाई गई है। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने के साथ-साथ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल विद्यार्थियों को भी उन्नत सुविधाएं मिलेंगी।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मिंजर मेले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए तथा जिला प्रशासन द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर चंबा की नंदनी को ‘मिस मिंजर क्वीन’ चुना गया, जिसने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।अंतिम सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल रहे, जिन्होंने चंबा चौगान में उपस्थित हजारों दर्शकों का अपनी शानदार प्रस्तुतियों से भरपूर मनोरंजन किया।इस मौके पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर एवं हरदीप सिंह बावा, पूर्व मंत्री आशा कुमारी और ठाकुर सिंह भरमौरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!