अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर मैहला स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, 129 विद्यार्थियों व स्टाफ ने लिया भाग

चम्बा, 09 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, चम्बा की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, चम्बा के सचिव ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस की थीम “Legal Literacy for People, Planet and Prosperity” के अनुरूप आयोजित किया गया। इस दौरान नालसा जागृति योजना, 2025 के तहत विधिक साक्षरता के महत्व पर विशेष जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अध्यापकों को साइबर अपराध एवं साइबर धोखाधड़ी से बचाव, नशा एवं मादक पदार्थों से संबंधित कानून, सड़क सुरक्षा और मोटर वाहन कानून, बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम तथा ऑनलाइन सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जानकारी दी गई।

इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य घटनाओं के पीड़ितों को उपलब्ध कानूनी सहायता, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, संवैधानिक लक्ष्यों, एंटी-रैगिंग कानून और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न कानूनी एवं सामाजिक विषयों पर भी जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान संबंधित विषयों पर आधारित जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किए गए। इसके बाद विद्यार्थियों एवं अध्यापकों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न कानूनी विषयों को लेकर सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाएं रखीं। अधिकारियों ने प्रश्नों का समाधान करते हुए आवश्यक विधिक जानकारी प्रदान की।इस अवसर पर नालसा द्वारा हाल ही में शुरू की गई DAWN, ASHA तथा NALSA (Child Friendly Legal Services for Children) Scheme, 2024 के संबंध में भी प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम में विद्यालय के कुल 129 विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया।

आयोजकों ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रारंभिक स्तर से ही कानूनी जागरूकता विकसित करना आवश्यक है, ताकि वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझने के साथ-साथ समाज में कानून एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता फैलाने में भी योगदान दे सकें।