गांधी और शास्त्री के आदर्श आज भी प्रासंगिक :- मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश सुखविंदर सिंह सुक्खू

शिमला 02 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के राष्ट्र निर्माण में योगदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य आज के शोर में विवेक की आवाज है। उनकी अहिंसा केवल एक विचार नहीं, बल्कि मतभेदों के बीच संवाद, शांति और सद्भाव का मार्ग दिखाने वाली प्रेरणा है। गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनसेवा के माध्यम से देशवासियों को एकजुट करने का कार्य किया।उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन सादगी, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उनकी सादगी आज के दिखावे के दौर में संयम और जिम्मेदारी का संदेश देती है।

शास्त्री जी ने अपने आचरण और नेतृत्व से देशवासियों के सामने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आदर्श प्रस्तुत किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि समय और परिस्थितियां भले ही बदल गई हों तथा साधन और तकनीक निरंतर विकसित हो रहे हों, लेकिन सत्य, सेवा, अनुशासन, सादगी और राष्ट्र के प्रति निष्ठा जैसे मूल्यों का महत्व कभी कम नहीं हो सकता। आज की युवा पीढ़ी को इन महान नेताओं के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देना चाहिए।उन्होंने प्रदेशवासियों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में शांति, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को शत-शत नमन किया।
