23 से 26 अक्टूबर तक समालखा में होगा 79वां संत निरंकारी वार्षिक समागम‘जागृति’ विषय पर आधारित होगा आयोजन, प्रेम, सेवा और मानव एकता का दिया जाएगा संदेश

सामलखा/ हरियाणा 06 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
सामलखा/ हरियाणा 06 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
संत निरंकारी मिशन का 79वां वार्षिक संत समागम 23 से 26 अक्टूबर, 2026 तक समालखा स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन सान्निध्य में होने वाले इस समागम में प्रेम, सेवा, सद्भाव, मानव एकता और प्रभु-भक्ति का संदेश दिया जाएगा। इस वर्ष समागम का प्रेरणादायी विषय ‘जागृति’ रखा गया है।समागम को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का माहौल है। आयोजन स्थल पर तैयारियां श्रद्धा, समर्पण और निःस्वार्थ सेवा भाव के साथ तेजी से चल रही हैं। विभिन्न आयु वर्ग और पृष्ठभूमि से जुड़े श्रद्धालु निर्माण कार्य, शामियाना व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।समागम स्थल पर भव्य मुख्य प्रवेश द्वार भी तैयार किया जा रहा है। यह प्रवेश द्वार प्रेम, समरसता और आत्मिक एकत्व का प्रतीक बनकर श्रद्धालुओं का स्वागत करेगा।

सेवा में जुटे श्रद्धालुओं के चेहरों पर परिश्रम के बावजूद संतोष और समर्पण की झलक दिखाई दे रही है। उनके लिए सेवा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सतगुरु के प्रति प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।मिशन के अनुसार, ब्रह्मज्ञान और आत्मिक जागृति मनुष्य के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। सत्संग, सेवा और प्रभु-स्मरण के माध्यम से व्यक्ति प्रेम, शांति और सद्भाव की भावना को अपने जीवन में आत्मसात कर सकता है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह संत समागम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता, भाईचारे, समरसता और एकता का पर्व है। विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना को साकार करते हुए प्रेम, शांति और मानव एकता का संदेश लेकर लौटेंगे।