चुवाड़ी की आरुषि ने प्रदेश में हासिल की 6वीं रैंक, क्षेत्र में खुशी की लहर

भटीयात / चम्बा 11 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
भटीयात / चम्बा 11 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चुवाड़ी की छात्रा आरुषि ने प्रदेशभर में 6वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र और चंबा जिले का नाम गौरवान्वित किया है। आरुषि की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल बना हुआ है।विद्यालय के कुल 39 विद्यार्थियों ने इस वर्ष दसवीं की परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से सभी ने सफलता प्राप्त करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया। विशेष बात यह रही कि 23 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 28 विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह परिणाम विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाता है।

आरुषि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और अपनी कड़ी मेहनत को दिया है। उन्होंने बताया कि उनका सपना भविष्य में एक सफल सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का है और इसके लिए वह आगे भी पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई जारी रखेंगी।विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधन समिति ने इस शानदार परिणाम पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है।विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी छात्र-छात्राएं इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे।