
चम्बा 11 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो )
जिला मुख्यालय चम्बा के साथ लगती बालू सब्जी मंडी में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने झड़प और मारपीट का रूप ले लिया। मामला पुलिस थाना पहुंचने के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट करने के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जितेंद्र कुमार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बालू सब्जी मंडी में दो लोगों ने उसके साथ लड़ाई-झगड़ा किया और मारपीट की।

शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर पुलिस थाना चम्बा में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 332(सी) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से सुमित कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि वह बालू सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेता है। उसने आरोप लगाया कि मंडी में चार से अधिक लोगों ने उसके साथ लड़ाई-झगड़ा करने के बाद मारपीट की। सुमित कुमार की शिकायत के आधार पर भी पुलिस ने अलग से अभियोग दर्ज किया है।

इस तरह एक ही घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज करवाई गई हैं। पुलिस अब दोनों पक्षों के आरोपों और शिकायतों की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बालू सब्जी मंडी में दो पक्षों के बीच मारपीट की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की निष्पक्षता से जांच कर रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
