नशे की मांग कम करने के लिए पुलिस कर्मियों को किया गया जागरूक,पुलिस अधीक्षक भी रहे मौजूद

नशे की मांग कम करने के लिए पुलिस कर्मियों को किया गया जागरूक,पुलिस अधीक्षक भी रहे मौजूद

धर्मशाला/कांगड़ा 27 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कांगड़ा स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस कर्मियों के लिए ‘ड्रग डिमांड रिडक्शन’ (Drug Demand Reduction) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक, कांगड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को नशे की रोकथाम, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रभावी उपायों की जानकारी प्रदान करना रहा। इस दौरान पुलिस कर्मियों को नशे की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए केवल नशीले पदार्थों की आपूर्ति पर कार्रवाई करने के साथ-साथ नशे की मांग को कम करने की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर जानकारी दी गई।कार्यशाला में नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के पुनर्वास, नशामुक्ति के लिए उपलब्ध संसाधनों तथा जरूरतमंद लोगों को उचित सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।

साथ ही पुलिस कर्मियों को समुदाय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामुदायिक स्तर पर प्रभावी भूमिका निभाने के बारे में भी जानकारी दी गई।वक्ताओं ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम जनता के बीच समन्वय आवश्यक है। विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाकर उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना महत्वपूर्ण है।कार्यशाला के दौरान पुलिस कर्मियों ने नशे की रोकथाम से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता और कार्रवाई दोनों स्तरों पर प्रयास लगातार जारी रखे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!