नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मोबाइल चोरी करने वाले चंबा के दो सगे भाई गिरफ्तार, 1.75 लाख के चार फोन बरामद

नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मोबाइल चोरी करने वाले चंबा के दो सगे भाई गिरफ्तार, 1.75 लाख के चार फोन बरामद

मण्डी 10 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक में मरीजों के तीमारदारों के मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में पुलिस ने चंबा जिले के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 75 हजार रुपये कीमत के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें दो आईफोन भी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय कपिल देव और 29 वर्षीय कौशल देव के रूप में हुई है। दोनों चंबा जिले की तहसील एवं जिला चंबा के गांव कुंडी, डाकघर सुनारा के स्थायी निवासी हैं। मेडिकल कॉलेज परिसर में पिछले कुछ समय से मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें सामने आ रही थीं।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रात के समय अस्पताल की गैलरी और वार्डों के बाहर सो रहे मरीजों के तीमारदारों को निशाना बनाते थे। उनके सो जाने के बाद आरोपी कथित तौर पर मौका पाकर मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।वीरवार रात शौर्य नामक युवक अपनी दादी के उपचार के लिए अस्पताल आया था। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दूसरी मंजिल के एक कोने में सो रहे दो संदिग्ध युवकों पर पुलिस को शक हुआ। तलाशी लेने पर उनके पास से शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अलावा तीन अन्य महंगे मोबाइल फोन भी मिले, जिनके संबंध में आरोपी संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके।पुलिस अब बरामद तीन अन्य मोबाइल फोन के मालिकों का पता लगाने के साथ अस्पताल में हुई चोरी की अन्य घटनाओं में आरोपियों की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!