चंबा में 8,161 किसानों ने करवाया फसल बीमा, 508.44 लाख रुपये की बीमाकृत राशि

चंबा में 8,161 किसानों ने करवाया फसल बीमा, 508.44 लाख रुपये की बीमाकृत राशि

चंबा 09 अक्टूबर चंबा ऊर्जा एक्सप्रेस (ब्यूरो)

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत जिला चंबा में खरीफ 2026 के दौरान कुल 8,161 किसानों की फसलों का बीमा किया गया है। कृषि विभाग की इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से फसलों को होने वाले नुकसान के विरुद्ध आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।कृषि उपनिदेशक चंबा डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले में मक्का और धान की फसलों का बीमा किया गया है। इस योजना के अंतर्गत 8,104 किसानों की 865.94 हेक्टेयर भूमि को बीमा सुरक्षा प्रदान की गई है। इनमें 8,073 ऋणी और 31 गैर-ऋणी किसान शामिल हैं। योजना के तहत कुल 508.44 लाख रुपये की बीमाकृत राशि निर्धारित की गई है। इसमें किसानों ने 10.17 लाख रुपये, राज्य सरकार ने 6.60 लाख रुपये और भारत सरकार ने 59.43 लाख रुपये का प्रीमियम अंशदान दिया है।

उन्होंने बताया कि मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत 57 किसानों की 56.67 हेक्टेयर भूमि पर उगाई गई फसलों का बीमा किया गया है। इस योजना के तहत 116.77 लाख रुपये की बीमाकृत राशि निर्धारित की गई है। इसमें किसानों का प्रीमियम अंशदान 5.84 लाख रुपये, राज्य सरकार का 2.04 लाख रुपये और भारत सरकार का 8.33 लाख रुपये है।डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए क्षेमा जनरल इंश्योरेंस और एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी को अधिकृत किया गया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल बीमा योजनाओं का लाभ उठाएं और आवश्यक जानकारी के लिए संबंधित बैंक, जन सेवा केंद्र अथवा कृषि विभाग के कार्यालय से संपर्क करें। बीमा संबंधी जानकारी कृषि उपनिदेशक कार्यालय चंबा तथा संबंधित बीमा कंपनियों के जिला प्रतिनिधियों से भी प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!