बनीखेत केंद्रीय विद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान, विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली

डलहोजी/ चम्बा 02 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बनीखेत में 2 अक्टूबर 2026 को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।अभियान के तहत विद्यालय परिसर से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने पोस्टर, बैनर और विभिन्न प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का आह्वान किया।रैली के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश भी लोगों तक पहुंचाए। विशेष रूप से Reduce, Reuse और Recycle यानी कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की अवधारणा को अपनाने पर जोर दिया गया।

विद्यार्थियों ने लोगों को अनावश्यक कचरे को कम करने, उपयोगी वस्तुओं का दोबारा इस्तेमाल करने तथा कचरे को उचित तरीके से अलग-अलग कर निस्तारित करने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ रैली में भाग लेकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण के महत्व और पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बनीखेत ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव के संदेशवाहक के रूप में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
