मुख्यमंत्री सुक्खू ने देहग्रां में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, बैरागढ़ को दी सीबीएसई स्कूल की सौगात
बैरागढ़ की 182 पात्र महिलाओं को मिलेंगे 1,500 रुपये प्रतिमाह, जनजातीय क्षेत्रों में सोलर प्रोजेक्ट पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान

चुराह / चंबा 05 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत चुराह विधानसभा क्षेत्र के बैरागढ़ स्थित देहग्रां पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिला मंडलों, युवक मंडलों और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न मांगों पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने बैरागढ़ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई से संबद्ध करने की घोषणा की। साथ ही क्षेत्र की 182 पात्र महिलाओं को ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत 1,500 रुपये प्रतिमाह वित्तीय सहायता देने की बात कही। उन्होंने बताया कि अगले माह से शुरू होने वाली इस योजना में पात्र लाभार्थियों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार पर्यटन और सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है। होम-स्टे स्थापित करने अथवा उनके विस्तार और उन्नयन के लिए पांच करोड़ रुपये तक के निवेश पर पांच प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्टार्ट-अप स्वरोज़गार सौर ऊर्जा योजना के तहत निजी भूमि पर 100 किलोवाट से दो मेगावाट तक के सोलर प्रोजेक्ट लगाने के लिए जनजातीय क्षेत्रों में पांच और गैर-जनजातीय क्षेत्रों में चार प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान है।मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं और स्थानीय परिस्थितियों को समझकर विकास योजनाएं तैयार करना है। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने मांग पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जायज शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व विधायक सुरेन्द्र भारद्वाज, कांग्रेस महासचिव यशवंत खन्ना, हज कमेटी अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।