यूपीएससी-एचपीपीएससी की तैयारी के लिए 125 युवाओं को मिलेगी निःशुल्क कोचिंग, 20 नवंबर तक करें आवेदन

यूपीएससी-एचपीपीएससी की तैयारी के लिए 125 युवाओं को मिलेगी निःशुल्क कोचिंग, 20 नवंबर तक करें आवेदन

च

चयनित अभ्यर्थियों को 12 माह तक मिलेगी 4 हजार रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति, मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

चंबा 12 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) और हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की योजना के तहत हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला स्थित डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से एक वर्षीय निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके लिए पात्र युवाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई है।

जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों के लिए 100 निःशुल्क सीटें उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अलावा 25 अन्य निःशुल्क सीटें भी निर्धारित की गई हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के परिवार की वार्षिक आय आठ लाख रुपये या इससे कम होनी चाहिए। वहीं, अभ्यर्थियों की आयु 21 से 37 वर्ष के बीच होनी अनिवार्य है। इसके साथ ही 12वीं और स्नातक स्तर पर न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है।उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों का चयन विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को अधिकतम 12 माह तक चार हजार रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

इसके अतिरिक्त मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की तैयारी के लिए 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।प्रवेश परीक्षा संभावित रूप से 29 नवंबर को आयोजित होगी, जबकि कोचिंग कक्षाएं पहली जनवरी, 2027 से शुरू होंगी। इच्छुक अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।जिला कल्याण अधिकारी ने चंबा जिले के पात्र युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं और प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने की दिशा में बेहतर मार्गदर्शन एवं शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!