कांगड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई ,NDPS एक्ट के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

ज
कांगड़ा 26 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना बैजनाथ में दर्ज मामले में यह गिरफ्तारी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए की गई।पुलिस के अनुसार, थाना बैजनाथ में 2 मई 2026 को धारा 20, 25 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में वांछित आरोपी की पहचान 48 वर्षीय लुधेरमणि निवासी सत्यावली, बल्ही चौकी, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को आज सुबह करीब 4:10 बजे गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नियमानुसार सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं।

आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई। साथ ही पुलिस द्वारा आरोपी को उसके कानूनी अधिकारों के बारे में भी अवगत करवाया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में फरार अथवा वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बैजनाथ थाना पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि कांगड़ा पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिले में विशेष निगरानी और अभियान चलाए जा रहे हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ पूर्व में दर्ज एनडीपीएस मामलों में वांछित आरोपियों की तलाश कर उन्हें कानून के शिकंजे में लाया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से भी नशे से संबंधित किसी प्रकार की सूचना मिलने पर इसकी जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।