सुरक्षित बचपन अभियान के तहत 32 शिक्षकों को दिया बाल संरक्षण का प्रशिक्षण

चंबा 29 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा की ओर से नालसा के ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत बचत भवन चंबा के सम्मेलन कक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 16 चिह्नित विद्यालयों के 32 नामित शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और बाल शोषण की रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाना तथा शिक्षकों की संस्थागत क्षमता को सुदृढ़ करना रहा।कार्यक्रम के दौरान बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर पांच तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में किशोर न्याय बोर्ड चंबा की प्रधान मजिस्ट्रेट विभूति बहुगुणा ने बाल अधिकारों और संबंधित कानूनी प्रावधानों, विशेषकर पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

द्वितीय सत्र में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण हितेशी और डॉ. सुहैल अहमद ने बाल शोषण के विभिन्न स्वरूपों, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान, शोषण के संभावित संकेतों और बच्चों को जोखिम से बचाने के उपायों पर प्रकाश डाला।तीसरे सत्र में पुलिस थाना सदर चंबा के सहायक उप निरीक्षक सुनील ने डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराध, ऑनलाइन शोषण तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में शिक्षकों को जागरूक किया। चौथे सत्र में बाल कल्याण समिति चंबा के अध्यक्ष युगल किशोर मरवाहा ने बाल शोषण की पहचान, उचित प्रतिक्रिया, अनिवार्य रिपोर्टिंग और बाल संरक्षण संस्थाओं के साथ समन्वय की जानकारी दी।अंतिम सत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एकांश कपिल ने शिक्षकों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर चर्चा की। उन्होंने विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, विधिक साक्षरता क्लब और अभिभावकों के संवेदीकरण की आवश्यकता बताई।समापन पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं प्राधिकरण अध्यक्ष अनुजा सूद ने सभी 32 शिक्षकों को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने बच्चों के लिए सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण बनाने का आह्वान किया।
