अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निस्तारण पर कांगड़ा पुलिस का जोर

अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निस्तारण पर कांगड़ा पुलिस का जोर

मासिक अपराध समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, नशा तस्करी और साइबर अपराधों की समीक्षा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

धर्मशाला/ कांगड़ा 12 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला कांगड़ा में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वीरवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय धर्मशाला में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक, जिला कांगड़ा ने की। इसमें जिले के सभी पुलिस उपमंडल अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को लंबित आपराधिक मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने तथा जांच प्रक्रिया को प्रभावी और समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एनडीपीएस अधिनियम के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क सुरक्षा नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने, मामलों के अन्वेषण में गुणवत्ता बनाए रखने और लंबित मामलों का निर्धारित समय में निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को मजबूत बनाने पर भी विशेष बल दिया, ताकि आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक बढ़ाया जा सके।इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!