एनएचपीसी अध्यक्ष से विधायक डॉ जनक राज की शिष्टाचार भेंट, पांगी–भरमौर के विकास व रोजगार को लेकर सौंपा मांग पत्र

नई दिल्ली 09 जनवरी चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
आज नई दिल्ली में भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज ने एनएचपीसी (नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पांगी और भरमौर क्षेत्र से जुड़ी जलविद्युत परियोजनाओं के कारण प्रभावित लोगों के हितों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और क्षेत्र के समग्र विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।विधायक डॉ. जनक राज ने पांगी क्षेत्र में प्रस्तावित एनएचपीसी की डुग्गर जलविद्युत परियोजना तथा भरमौर क्षेत्र में एनएचपीसी चरण-दो और चरण-तीन परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों को रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के चलते स्थानीय लोगों ने अपने संसाधन और भूमि उपलब्ध करवाई है, इसलिए प्रभावित परिवारों को रोजगार में प्राथमिकता दिया जाना जरूरी है।इसके साथ ही विधायक ने भरमौर और पांगी जैसे दुर्गम व जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने के उद्देश्य से एनएचपीसी के सौजन्य से एक केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने का “मांग पत्र” भी एनएचपीसी अध्यक्ष को सौंपा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के अवसर प्राप्त होंगे।

डॉ. जनक राज ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि एनएचपीसी अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र गुप्ता ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल करते हुए इन पर सहमति जताई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एनएचपीसी सामाजिक दायित्व के तहत प्रभावित क्षेत्रों के विकास, रोजगार सृजन और शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।विधायक ने एनएचपीसी प्रबंधन के इस सकारात्मक रुख का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इन प्रयासों से पांगी और भरमौर क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।