गांधी जयंती पर शिमला में निकली प्रभात फेरी, सत्य-अहिंसा और स्वच्छता का दिया संदेश

गांधी जयंती पर शिमला में निकली प्रभात फेरी, सत्य-अहिंसा और स्वच्छता का दिया संदेश

शिमला 02 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार सुबह शिमला शहर में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी सीटीओ चौक से शुरू होकर शेरे पंजाब होते हुए ऐतिहासिक रिज मैदान तक पहुंची। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों तथा सर्वोदय बाल आश्रम रॉकवुड के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रभात फेरी के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति गीतों के साथ महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का गायन किया। इस दौरान वातावरण गांधी जी के विचारों और उनके आदर्शों से ओत-प्रोत नजर आया। प्रतिभागियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, शांति और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, तहसीलदार शिमला शहरी नारायण वर्मा तथा डीएसपी विक्रम चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थानों से जुड़े लोगों ने भी प्रभात फेरी में भाग लिया।प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों को महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने कहा कि गांधी जी द्वारा दिखाए गए सत्य, अहिंसा और शांति के मार्ग की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। साथ ही स्वच्छता को व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने पर जोर दिया गया।प्रभात फेरी के दौरान लोगों ने समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और शांति की भावना को मजबूत करने तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने गांधी जयंती के अवसर पर उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!