चंबा क्षेत्र को आवंटित 10 इलेक्ट्रिक बसों के स्थानांतरण की खबरें निराधार

चंबा क्षेत्र को आवंटित 10 इलेक्ट्रिक बसों के स्थानांतरण की खबरें निराधार

चंबा 24 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चंबा क्षेत्र को आवंटित 10 नई इलेक्ट्रिक बसों में से कुछ बसों को अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित किए जाने की सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में प्रसारित खबरों को हिमाचल पथ परिवहन निगम ने निराधार बताया है। निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चंबा क्षेत्र को उपलब्ध करवाई गई किसी भी इलेक्ट्रिक बस को अन्य क्षेत्र में स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है।मंडलीय प्रबंधक, हिमाचल पथ परिवहन निगम धर्मशाला पंकज चड्ढा ने 24 सितंबर को जारी स्पष्टीकरण में कहा कि चंबा क्षेत्र को प्रदान की गई 10 नई इलेक्ट्रिक बसों को उनके निर्धारित एवं नियामक रूटों पर संचालन के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन बसों के स्थानांतरण से संबंधित सोशल मीडिया तथा समाचार पत्रों में प्रसारित खबरें पूर्णतः निराधार एवं तथ्यहीन हैं।निगम के अनुसार चंबा क्षेत्र में पहुंची इन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन विभिन्न लंबे और स्थानीय रूटों पर किया जा रहा है।

इनमें चंबा-श्री चिंतपूर्णी, चंबा-पठानकोट, चंबा-लंगेरा, चंबा-जसूर और चंबा-इंदौरा जैसे रूट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त चंबा-बगोड़ी, चंबा-खजियार, चंबा-सिल्लाघ्राट, चंबा-शक्तिदेहरा और चंबा-करेणा सहित अन्य स्थानीय रूटों पर भी इन बसों को भेजा जा रहा है।जारी जानकारी के मुताबिक चंबा क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग सुविधा विकसित करने के लिए 2 करोड़ 82 लाख 85 हजार 550 रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं 1 करोड़ 33 लाख 33 हजार 500 रुपये की लागत से आवश्यक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है, जिसकी प्रशासनिक एवं विभागीय स्वीकृति मुख्य कार्यालय से प्रदान की जा चुकी है।निगम ने बताया कि चंबा क्षेत्र की 10 इलेक्ट्रिक बसें प्रतिदिन करीब 1,980 किलोमीटर का सफर तय कर रही हैं। इनके संचालन से प्रतिदिन करीब 30 हजार रुपये के ईंधन खर्च में बचत हो रही है। निगम ने स्पष्ट किया है कि बसों को निर्धारित रूटों पर संचालित किया जा रहा है और उनके अन्यत्र स्थानांतरण की खबरें तथ्यहीन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!