चंबा में रेड क्रॉस एवं ईट राइट मेले का आयोजन, स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

चंबा में रेड क्रॉस एवं ईट राइट मेले का आयोजन, स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया मेले का शुभारंभ, स्थानीय व्यंजनों और लोक संस्कृति ने मोहा लोगों का मन

चंबा 25 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो)

जिला मुख्यालय चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में जिला प्रशासन चंबा तथा स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रेड क्रॉस एवं ईट राइट मेले का आयोजन किया गया। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इससे पूर्व उन्होंने चौगान मैदान में रेड क्रॉस समिति तथा खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की ओर से लगाए गए विभिन्न फूड स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य प्रतिभागियों द्वारा तैयार खाद्य पदार्थों की सराहना की।चंबा में पहली बार आयोजित ईट राइट मेले का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ खान-पान, बेहतर रहन-सहन और संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। मेले में रेड क्रॉस समिति के सहयोग से स्कूली विद्यार्थियों और स्वयं सहायता समूहों ने स्थानीय व्यंजनों पर आधारित विभिन्न स्वस्थ खाद्य पदार्थों के स्टाल लगाए। इनका स्थानीय शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सपरिवार आनंद लिया।मेले के तहत सुबह सात बजे चौगान मैदान से करियां तक मिनी मैराथन आयोजित की गई। इसमें 18 वर्ष से कम और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लड़कों ने अलग-अलग श्रेणियों में भाग लेकर उत्साह दिखाया।

कार्यक्रम के दौरान अजीत भट्ट एंड पार्टी चंबा, सरस्वती लोक कला संगम चंबा, गद्दी सांस्कृतिक दल रूनु कोठी और चामुंडा सांस्कृतिक दल देवी कोठी के कलाकारों ने लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आयुष विभाग की ओर से योग प्रदर्शन, रेड क्रॉस समिति द्वारा म्यूजिकल चेयर रेस तथा खेल विभाग की ओर से रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन गतिविधियों ने मेले में पहुंचे लोगों का खूब मनोरंजन किया।इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता, लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक डॉ. हंसराज एवं नीरज नैयर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!