चम्बा में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ, सरकारी कार्यालयों को तंबाकू मुक्त बनाने के निर्देश

चम्बा 13 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
युवाओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला चम्बा में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त चम्बा मुकेश रेस्पवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान इस अभियान की शुरुआत हुई।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रखना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना इस पहल का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इनमें युवाओं, शिक्षण संस्थानों तथा आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। बैठक के दौरान इस कार्ययोजना की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।उपायुक्त मुकेश रेस्पवाल ने निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों को पूर्ण रूप से तंबाकू मुक्त बनाया जाए। उन्होंने तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (कोटपा) के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान किए जाएं।

उन्होंने सभी विभागों से अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी-स्वास्थ्य डॉ. करण हितेशी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना और प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, सभी स्वास्थ्य खंड चिकित्सा अधिकारी, दीपक आनंद, एसी फूड सेफ्टी चम्बा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
