नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव , सलूणी कॉलेज में पड़ोस युवा संसद का आयोजन

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव , सलूणी कॉलेज में पड़ोस युवा संसद का आयोजन

सलूणी/ चम्बा 21 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

माय भारत (मेरा युवा भारत) चंबा की ओर से ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय सलूणी में ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद (Neighbourhood Youth Parliament) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और इसके व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने जागरूकता सत्रों के माध्यम से बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज की सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई गई। युवाओं के विचारों और रचनात्मक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए महाविद्यालय परिसर में स्लोगन बॉक्स स्थापित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण से जुड़े अपने संदेश और विचार साझा किए।कार्यक्रम के दौरान माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक योगराज ने विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने पोर्टल पर पंजीकरण, युवा स्वयंसेवा गतिविधियों, उपलब्ध अवसरों तथा विभिन्न सरकारी युवा कार्यक्रमों में भाग लेने की प्रक्रिया से भी अवगत करवाया।कार्यक्रम में युवाओं को संदेश दिया गया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश की युवा शक्ति नशामुक्त, जागरूक और जिम्मेदार होगी। माय भारत चंबा की ओर से युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने और नशामुक्त भारत अभियान में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!