नशे के खिलाफ एसआईयू की बड़ी कार्रवाई, डलहौजी में 10.55 ग्राम चिट्टा बरामद, दो पंजाब वासी आरोपी हिरासत में

डलहौजी/चम्बा 09 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में बीती रात थाना डलहौजी के अंतर्गत मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम के तहत एक अहम मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 10.55 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर दो युवकों को हिरासत में लिया है।जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग 154-ए पर स्थित ज़ीरो प्वाइंट (गोली) क्षेत्र में की गई, जहां एसआईयू पुलिस दल द्वारा नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस दल ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10.55 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद मामले में नियमानुसार आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां से की गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी पंजाब राज्य के निवासी हैं। इनमें से एक आरोपी नाबालिग है, जो जिला अमृतसर, पंजाब का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी 20 वर्षीय बलराज सिंह पुत्र सरवजीत सिंह, निवासी गुरुआसर ट्रस्ट, सेक्टर-55, पालशोरा, चंडीगढ़ बताया गया है।पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि जिला चंबा में नशे के खिलाफ चलाया गया अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और इस सामाजिक बुराई के खिलाफ अभियान में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से दूर रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।