पत्रकारिता में निष्पक्षता और दोनों पक्षों की पुष्टि जरूरी :- चीफ ब्यूरो हिमाचल 84 ओपी शर्मा

भरमौर/ चम्बा 30 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छतराड़ी में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के तीसरे दिन मीडिया कर्मी ओपी शर्मा ने स्वयंसेवियों को पत्रकारिता की जिम्मेदारियों, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों और करियर चयन के बारे में जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को निष्पक्षता, सत्यता और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व से अवगत करवाया।ओपी शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया की जिम्मेदारी केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज तक सही, तथ्यपरक और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाना भी है। किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना और संबंधित मामले में दोनों पक्षों का पक्ष जानना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार पत्रकार को पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखनी चाहिए।उन्होंने डिजिटल युग में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सोशल मीडिया, वेब पोर्टल और अन्य डिजिटल माध्यमों के विस्तार से सूचनाओं का प्रसार आसान हुआ है, लेकिन इसके साथ भ्रामक और अपुष्ट खबरों की चुनौती भी बढ़ी है।

ऐसे में तथ्यों की जांच के बाद ही किसी सूचना को साझा करना जरूरी है।**मास कम्युनिकेशन में भी बना सकते हैं करियर**करियर मार्गदर्शन देते हुए उन्होंने बताया कि पत्रकारिता और जनसंचार में रुचि रखने वाले विद्यार्थी मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई कर सकते हैं। इस क्षेत्र में पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया, जनसंपर्क और संचार के विभिन्न विकल्प उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुसार करियर चुनने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए मेहनत, ईमानदारी और समर्पण आवश्यक हैं।**‘मैं’ नहीं, ‘हम’ की भावना से मिलती है सफलता**एनएसएस के महत्व पर चर्चा करते हुए ओपी शर्मा ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और समाजसेवा की भावना विकसित करते हैं। स्वयंसेवियों को शिविर से प्राप्त अनुभवों और जीवन मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
