बाल विज्ञान कांग्रेस में बलेरा स्कूल की स्मृति ने हासिल किया दूसरा स्थान

बाल विज्ञान कांग्रेस में बलेरा स्कूल की स्मृति ने हासिल किया दूसरा स्थान

डलहौजी/ चम्बा 19 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा की छात्रा स्मृति ने उपमंडल स्तर की बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मॉडल प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डलहौजी में आयोजित की गई, जिसमें उपमंडल की विभिन्न पाठशालाओं की कुल 28 टीमों ने भाग लिया।प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने मॉडल प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बलेरा स्कूल की स्मृति ने मॉडल प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और जूनियर वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।विद्यालय के प्रधानाचार्य जगजीत आजाद ने स्मृति को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ विज्ञान, खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने स्मृति की सफलता का श्रेय बाल विज्ञान कांग्रेस की प्रभारी विज्ञान अध्यापिका, स्मृति तथा विद्यालय के समस्त अध्यापकों के मार्गदर्शन और मेहनत को दिया।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य बच्चों को भी नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने स्मृति के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करेगी।गौरतलब है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा के विद्यार्थी इससे पहले भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ भाषण प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर कई पुरस्कार अपने नाम कर चुके हैं। विद्यालय परिवार ने स्मृति की उपलब्धि को स्कूल की निरंतर प्रगति की कड़ी बताते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!