“माय भारत पोर्टल” पंजीकरण को गति देने हेतु जिला स्तरीय बैठक आयोजित

चम्बा 07 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिले में युवाओं के पंजीकरण को बढ़ावा देने और माय भारत पोर्टल पर चलाए जा रहे इंटेंसिव रजिस्ट्रेशन ड्राइव को सफल बनाने के उद्देश्य से आज उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पात्र युवाओं को इस पोर्टल से जोड़ने की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि माय भारत पोर्टल युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का एक सशक्त मंच है।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, कौशल विकास केंद्रों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से इस अभियान की जानकारी हर पात्र युवा तक पहुंचाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें, ताकि जिले का कोई भी पात्र युवा इस अवसर से वंचित न रह जाए।इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी राहुल गर्ग ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि माय भारत पोर्टल युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता के विकास तथा विभिन्न सामाजिक एवं सरकारी गतिविधियों से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर पंजीकरण कर युवा अपनी प्रतिभा का बेहतर उपयोग करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।

बैठक में उप निदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र सिंह वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी (चिकित्सा) डॉ. हरित पुरी, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा तथा जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।