मुगला में किराये के कमरे से 7.59 ग्राम चिट्टा बरामद, नकदी और सिरिंज भी मिलीं

मुगला में किराये के कमरे से 7.59 ग्राम चिट्टा बरामद, नकदी और सिरिंज भी मिलीं

चम्बा 17 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला चम्बा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुगला स्थित डीएवी स्कूल के समीप एक किराये के कमरे से 7.59 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मौके से नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाली सिरिंज और 5,300 रुपये की नकदी भी बरामद की है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम को पहले से सूचना मिली थी कि मुगला में डीएवी स्कूल के नजदीक एक किराये के कमरे में नशीले पदार्थ रखे गए हैं। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर गगन, हेड कांस्टेबल योगराज सहित एसआईयू टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान कमरे से 7.59 ग्राम चिट्टा, सिरिंज और 5,300 रुपये नकद बरामद किए गए।पुलिस ने इस मामले में 36 वर्षीय राजन महाजन पुत्र स्वर्गीय विजय महाजन, निवासी मकान नंबर 169, मंजिठा रोड, गंढ़ा सिंह कॉलोनी, पालम विहार, तहसील एवं जिला अमृतसर (पंजाब), को काबू किया ह। पुलिस द्वारा मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है तथा आगामी जांच जारी है।मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि जिला पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को नशे की गिरफ्त से बचाना पुलिस की प्राथमिकता है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ शुरू किया गया अभियान भविष्य में भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। पुलिस आम जनता से भी अपील कर रही है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!