पीएम श्री स्कूल चंबा में सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न, 50 स्वयंसेवकों ने लिया भाग

चंबा 17 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल), चंबा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर बीते कल सोमवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। 10 से 16 नवंबर तक आयोजित इस शिविर में एनएसएस के द्वितीय वर्ष के 50 स्वयंसेवकों ने भाग लेकर समाज सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।विद्यालय प्रधानाचार्य एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कुलदीप ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर के समापन समारोह में वह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने स्वयंसेवकों से एनएसएस के आदर्श वाक्य ‘नॉट मी, बट यू’ को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने प्रतिदिन प्रभात फेरी निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। विद्यालय परिसर, हर्बल गार्डन और खेल मैदान की सफाई के साथ ऐतिहासिक लक्ष्मीनारायण मंदिर, नरसिंह मंदिर तथा प्राचीन चामुंडा माता मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान प्लास्टिक और पॉलीथिन कचरा एकत्र किया गया।इसके अलावा गोद लिए गए गांव ककीयां में पहुंचकर स्वयंसेवकों ने स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित कीं। शिविर में ऑटोमोबाइल प्रवक्ता भगत सिंह, इतिहास प्रवक्ता एवं पूर्व एनएसएस अधिकारी केवल शर्मा तथा भूगोल प्रवक्ता धीरज सिंह ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान देकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

इनमें एनएसएस का इतिहास, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और स्वास्थ्य देखभाल जैसे विषय शामिल रहे।शिविर के दौरान प्रतिदिन व्यायाम, ड्रिल, श्रमदान और सामूहिक भोजन तैयार करने जैसी गतिविधियां भी करवाई गईं।समापन समारोह में केवल शर्मा ने सात दिवसीय शिविर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता योगेश चोना और धीरज सिंह भी उपस्थित रहे। मंच संचालन मुनीश चोना ने किया। अंत में प्रधानाचार्य कुलदीप ठाकुर ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, अतिथियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।
