मेडिकल कॉलेज चंबा में 27 नए जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति, मरीजों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

मेडिकल कॉलेज चंबा में 27 नए जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति, मरीजों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

आपातकालीन सेवाओं, ओपीडी और वार्डों में स्वास्थ्य व्यवस्था होगी मजबूत, 10 नवंबर तक कार्यभार संभालने के निर्देश

चम्बा 30 अक्तूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशालय, हिमाचल प्रदेश की ओर से संस्थान के विभिन्न क्लिनिकल विभागों में 27 नए जूनियर रेजिडेंट (नॉन-अकादमिक) डॉक्टरों की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। इन नियुक्तियों से अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी।जानकारी के अनुसार, काउंसलिंग कमेटी की सिफारिशों तथा हिमाचल प्रदेश सरकार की स्वीकृति के आधार पर इन डॉक्टरों की नियुक्तियां एक वर्ष की अवधि के लिए टेन्योर आधार पर की गई हैं। इस संबंध में निदेशालय ने 30 अक्टूबर, 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। सभी नवनियुक्त डॉक्टरों को 10 नवंबर, 2026 तक अपने-अपने निर्धारित विभागों में कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।मेडिकल कॉलेज चंबा के प्रधानाचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि 27 नए जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति से संस्थान में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। विभिन्न महत्वपूर्ण चिकित्सा विभागों में डॉक्टरों की तैनाती से आपातकालीन सेवाओं, ओपीडी में मरीजों की जांच तथा आईपीडी वार्डों में उपचार और देखभाल की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।उन्होंने कहा कि इस निर्णय से चंबा जिला सहित आसपास के क्षेत्रों से उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों को काफी राहत मिलेगी। विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। साथ ही अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में भी सुधार आने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन का प्रयास है कि मरीजों को बेहतर, सुचारू और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इन नियुक्तियों से चंबा मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!