मेहला में गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभा, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

मेहला में गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभा, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

चंबा 02 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

MY Bharat Chamba, हिमाचल प्रदेश की ओर से युवक मंडल बरड़का के सहयोग से ग्राम पंचायत मेहला में गांधी जयंती के अवसर पर “विशेष ग्राम सभा : गांधी जयंती सुधार उत्सव” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मेहला की प्रधान श्रीमती राधा देवी ने उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागिता की।

विशेष ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों के साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान ग्रामीणों को गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने गांधी जी के स्वच्छता, अहिंसा और जनसेवा के संदेश को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

इस अवसर पर स्थानीय लोगों के लिए चिकित्सा जांच शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में लोगों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। वहीं, पोषण अभियान के अंतर्गत जागरूकता सत्र आयोजित कर संतुलित आहार, उचित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्थानीय युवाओं, ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। MY Bharat Chamba की ओर से युवाओं को समुदाय आधारित गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजन के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति युवाओं एवं ग्रामीणों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!