“संघणी अग्निकांड” दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

सलूणी/ चम्बा 28 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
उपमंडल सलूणी के संघणी बाजार में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दमकल विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवालों के बीच शुक्रवार को जिला अग्निशमन अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों से बातचीत कर अग्निकांड में हुए नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आग लगने की सूचना देने के करीब दो घंटे बाद दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इतना ही नहीं, ग्रामीणों के अनुसार दमकल वाहनों में पर्याप्त पानी भी उपलब्ध नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि दमकल विभाग की टीम समय पर पहुंचती और आवश्यक संसाधन उपलब्ध होते तो आग से हुए नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
वहीं, शुक्रवार को नूरपुर से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी संघणी बाजार पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विभिन्न स्थानों से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। इन साक्ष्यों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
इस दौरान किहार पुलिस थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर जगवीर सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस और फोरेंसिक टीम अग्निकांड से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि संघणी बाजार में हुए भीषण अग्निकांड में 14 दुकानें और एक मकान जलकर राख हो गए थे। इस घटना में प्रभावित परिवारों की जिंदगी भर की जमा-पूंजी स्वाह हो गई। अग्निकांड के बाद से ही ग्रामीण दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे आग लगने के कारणों और दमकल विभाग की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।