संविधान दिवस पर बचत भवन में कार्यक्रम, उपायुक्त अनुपम कश्यप ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ

संविधान दिवस पर बचत भवन में कार्यक्रम, उपायुक्त अनुपम कश्यप ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ

शिमला 26 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपायुक्त कार्यालय शिमला की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर बचत भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त अनुपम कश्यप ने की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई तथा भारतीय संविधान के महत्व, मूल आदर्शों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करना और उनका पालन सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यों और दायित्वों का निर्वहन संविधान की भावना के अनुरूप करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी, 1950 को इसे लागू किया गया। वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत करना है।उपायुक्त ने कहा कि संविधान केवल शासन व्यवस्था संचालित करने वाला कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार भी है।

प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि वे अपने निर्णयों और जनसेवा में संवैधानिक मूल्यों को अपनाएं तथा प्रत्येक नागरिक के साथ निष्पक्षता, संवेदनशीलता और समान व्यवहार सुनिश्चित करें।कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, एडीएम प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, जिला योजना अधिकारी निवेदिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!