चम्बा के तपिश ठाकुर और मोनू का राष्ट्रीय स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन

चम्बा के तपिश ठाकुर और मोनू का राष्ट्रीय स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन

चम्बा 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चम्बा के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तपिश ठाकुर एवं मोनू का चयन अंडर-19 राष्ट्रीय स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 11 से 20 दिसंबर 2026 तक अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह की राजधानी श्री विजयपुरम में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।प्रतियोगिता से पूर्व चयनित खिलाड़ियों के लिए 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक पांवटा साहिब, जिला सिरमौर में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा।चम्बा जैसे पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्र से दो विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की टीम में चयन होना विद्यालय और जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

देश के सुदूर समुद्री द्वीपसमूह अंडमान एवं निकोबार में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलना खिलाड़ियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।इस उपलब्धि से विद्यालय में खेल गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन और विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के प्रयासों को भी बल मिला है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलदीप ठाकुर ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता योगेश चोना तथा शारीरिक शिक्षक सुशांत कुमार मणि एवं संजीव कुमार ने भी खिलाड़ियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि तपिश ठाकुर और मोनू राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चम्बा जिला और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!