साच पास मार्ग तत्काल प्रभाव से बंद, आगामी आदेशों तक नहीं होगी आवाजाही

साच पास मार्ग तत्काल प्रभाव से बंद, आगामी आदेशों तक नहीं होगी आवाजाही

तापमान जमाव बिंदु से नीचे गिरने के चलते सड़क पर बर्फ जमने और फिसलन का खतरा, पर्यटकों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने लिया निर्णय

चंबा 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिले में मौसम के बदलते मिजाज और साच पास में बढ़ते जोखिम को देखते हुए प्रशासन ने साच पास सड़क मार्ग को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेशों तक बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी मुकेश रेपस्वाल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।उपायुक्त ने बताया कि उपमंडलाधिकारी (नागरिक) पांगी स्थित किलाड़ द्वारा प्रेषित रिपोर्ट के अनुसार साच पास में तापमान जमाव बिंदु से नीचे गिरना शुरू हो गया है। इसके चलते सड़क पर बर्फ जमने तथा फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है।रिपोर्ट में इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों एवं यात्रियों को वर्तमान मौसम परिस्थितियों से अवगत करवाने तथा साच पास की ओर यात्रा करने से पहले सड़क और मौसम की नवीनतम स्थिति की जानकारी प्राप्त करने संबंधी सार्वजनिक परामर्श जारी करने का आग्रह भी किया गया था।

उपायुक्त ने प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों एवं संभावित जोखिम को देखते हुए जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साच पास मार्ग को बंद करने का निर्णय लिया है। प्रशासन का यह कदम पर्यटकों, यात्रियों तथा स्थानीय लोगों को संभावित दुर्घटनाओं से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।इसके अतिरिक्त उपमंडलाधिकारी (नागरिक) चुराह को साच पास की ओर स्थित हिम पर्यटन स्थलों तक जाने वाले पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने पर्यटकों एवं यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए साच पास की ओर यात्रा करने से बचें तथा संबंधित अधिकारियों से सड़क मार्ग की नवीनतम जानकारी प्राप्त करें।जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा वापस लिए जाने अथवा संशोधित किए जाने तक प्रभावी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!