हजारों लोगों की एकजुटता से मजबूत हो रहा ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल’ का संकल्प :- मुख्यमंत्री सुक्खू
मंडी में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत, युवाओं की भारी भागीदारी ने नशामुक्त हिमाचल की मुहिम को दी नई ताकत

मंडी 13 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आज जिला मंडी पहुंचने पर हजारों लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उमड़ा भारी जनसैलाब और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने प्रदेश सरकार की ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल’ मुहिम के प्रति लोगों के बढ़ते समर्थन और जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर चारों ओर युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जो नशे के खिलाफ इस अभियान को लेकर उनके संकल्प और उत्साह को दर्शा रही थी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हजारों लोगों की एकजुटता प्रदेश को चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों से मुक्त बनाने के संकल्प को लगातार मजबूती प्रदान कर रही है।

युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की युवा शक्ति नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान के सार्थक परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों, जनसहयोग और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से हिमाचल प्रदेश जल्द ही चिट्टा-मुक्त राज्य बनेगा।

उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति या परिवार को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे समाज और आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है। ऐसे में नशे के खिलाफ लड़ाई को जनआंदोलन का रूप देना बेहद जरूरी है। इसमें युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाएं और अपने साथियों को भी इस बुराई से बचाने के लिए आगे आएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा इस मुहिम में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे और सामूहिक प्रयासों से प्रदेश को नशामुक्त बनाने का सपना साकार होगा।
