हिमाचल में शुरू होगा ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’, विजेताओं को मिलेंगे लाखों रुपये के नकद पुरस्कार

हिमाचल में शुरू होगा ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’, विजेताओं को मिलेंगे लाखों रुपये के नकद पुरस्कार

15 से 30 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा, 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण का मौका

शिमला 23 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’ शुरू करने जा रही है। इसके तहत प्रदेशभर में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला के एसडीएम, तहसीलदारों और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक की।उपायुक्त ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और नशे के खिलाफ जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक और युवतियां भाग ले सकेंगे। आयु का सत्यापन आधार कार्ड के माध्यम से किया जाएगा।अभियान के तहत क्रिकेट, बैडमिंटन, हॉकी, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल, कुश्ती और एथलेटिक्स सहित आठ खेल विधाओं में मुकाबले करवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी शामिल किया गया है। प्रतियोगिताएं पहले खंड स्तर, फिर जिला और अंत में राज्य स्तर पर आयोजित होंगी।

जिला शिमला में अभी तक 998 टीमों ने पंजीकरण करवाया है। इच्छुक टीमें 30 नवंबर 2026 तक https://khelohimachal.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं।अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ 15 दिसंबर को धर्मशाला में होगा, जबकि 16 दिसंबर से उपमंडल स्तर की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। शिमला जिले में उद्घाटन समारोह सुन्नी में प्रस्तावित है।प्रतियोगिताओं में विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये मिलेंगे। जिला स्तर पर यह राशि दो लाख, डेढ़ लाख और एक लाख रुपये निर्धारित की गई है। राज्य स्तर पर कुश्ती और रस्साकशी के विजेताओं को 11 लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा। पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए समान पुरस्कार राशि रखी गई है।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय से प्रतियोगिताओं की तैयारियां समय पर पूरी करें, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!